नई दिल्ली (एडीएनए)। 16 अप्रैल 2026 यानी गुरुवार को दोपहर बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा बच गया। स्पाइसजेट का विमान टैक्सी-वे पर खड़े अकासा एयर के विमान से टकरा गया। हादसे में दोनों विमानों को काफी नुकसान पहुंचा है।
दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर उस समय हादसा हुआ जब स्पाइस जेट का बोइंग 737-700 विमान टैक्सी-वे पर खड़े अकासा एयर के विमान से टकरा गया। हादसे के कारण अकासा की हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट को रद्द करना पड़ा और बाद में यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था करके दूसरे विमान से भेजना पड़ा।
दरअसल दुनिया के सबसे व्यस्ततम दिल्ली एयरपोर्ट पर हर मिनट कई विमान लैंड और टेकऑफ करते हैं। इसके लिए एटीसी और ग्राउंड स्टाफ के बीच सटीक तालमेल बहुत जरूरी होता है। 16 अप्रैल को दोपहर बाद यह तालमेल थोड़ा बिगड़ा तो हादसा हो गया। स्पाइसजेट का विमान टैक्सी करते समय अकासा एयर के खड़े विमान से टकरा गया। हादसा उस समय हुआ जब अकासा की फ्लाइट हैदराबाद के लिए उड़ान भरने वाली थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों विमान क्षतिग्रस्त हो गए, राहत की बात यह रही कि विमान में बैठे यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित रहे।
हादसे की जानकारी होते ही डीजीसीए ने प्रोटोकॉल के तहत तुरंत जांच के आदेश दे दिए, प्रारंभिक जानकारी के अनुसार स्पाइसजेट का विमान टैक्सी-वे पर आगे बढ़ रहा था, जबकि अकासा एयर का विमान स्थिर था। इस हादसे और लापरवाही ने ग्राउंड सेफ्टी को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच पूरी होने पर ही पता चलेगा कि गलती किसकी थी और आगे ऐसे हादसे न हों इसके लिए क्या जरूरी कदम उठाने होंगे।